सोचिए आप कहीं घूमने गए हों, बस कुछ दिन सुकून के, नई जगह देखने के इरादे से और अचानक किसी और देश में दंगे शुरू हो जाएं, होटल जल जाए, और आपकी जान को खतरा हो।
ऐसा ही कुछ हुआ है भारतीय वॉलीबॉल खिलाड़ी उपासना गिल के साथ, जो इन दिनों नेपाल के पोखरा में थीं।
उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वो बुरी तरह डरी हुई हैं। उन्होंने बताया कि किस तरह प्रदर्शनकारियों ने उनके होटल को आग के हवाले कर दिया और लाठियां लेकर उनके पीछे भागने लगे।
उनकी आंखों में डर साफ दिख रहा था। वो कहती हैं,
“मैं सिर्फ घूमने आई थी… लोग मेरे पीछे लाठियां लेकर दौड़ रहे थे… मेरा होटल जला दिया गया। मुझे नहीं पता अब मैं कहां जाऊं… कृपया मुझे बचा लीजिए।”
नेपाल में क्या हो रहा है?
नेपाल में पिछले कुछ दिनों से हालात काफी बिगड़े हुए हैं। वहां की सरकार ने सोशल मीडिया पर बैन लगाने की कोशिश की थी, जिससे गुस्साए युवा सड़कों पर उतर आए। शुरू में ये सिर्फ विरोध प्रदर्शन थे, लेकिन अब ये आंदोलन हिंसक हो चुका है। आगज़नी, तोड़फोड़, और झड़पों की खबरें लगातार आ रही हैं।
पोखरा, जो आमतौर पर एक शांत और टूरिस्ट-फ्रेंडली जगह मानी जाती है, अब हिंसा का केंद्र बन चुकी है। वहीं पर उपासना गिल भी थीं, और उन्हें नहीं पता था कि ऐसी स्थिति हो जाएगी।
अकेले उपासना ही नहीं…
ऐसे और भी भारतीय हैं जो इन हालात में फंसे हुए हैं। केरल के 40 से ज्यादा टूरिस्ट काठमांडू के पास हैं और उन्होंने बताया कि सड़कें बंद हैं, कोई बाहर नहीं निकल सकता।
भारत सरकार की तरफ से क्या हो रहा है?
भारत सरकार और दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर दी है साफ कहा गया है कि अभी के लिए नेपाल यात्रा टाल दें।
जो लोग नेपाल में हैं, उन्हें घर के अंदर ही रहने को कहा गया है। साथ ही एक इमरजेंसी हेल्पलाइन भी चालू की गई है ताकि फंसे हुए भारतीय मदद ले सकें।