नई दिल्ली, 10 सितंबर:
देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है, जो कुख्यात आतंकी संगठन ISIS से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इसके साथ ही झारखंड के रांची से भी एक और युवक को पकड़ा गया है, जिसकी भूमिका भी इस आतंकी नेटवर्क में अहम मानी जा रही है।
इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। जानकारी के मुताबिक, देश के 12 से ज़्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। जिन राज्यों में रेड की जा रही है, उनमें झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली प्रमुख हैं।
क्या मिला अब तक?
अभी तक जो जानकारियां सामने आई हैं, उसके मुताबिक, आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, संदिग्ध दस्तावेज़ और चैट्स बरामद किए गए हैं। इनसे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि वे देश में किसी बड़ी आतंकी वारदात की साजिश रच रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, ये दोनों युवक सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के ज़रिए ISIS की विचारधारा फैलाने में जुटे थे और कुछ युवाओं को इसके लिए तैयार भी कर रहे थे।
एजेंसियों की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ-साथ झारखंड ATS और अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी इस ऑपरेशन में लगी हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इनका संपर्क किसी विदेशी मॉड्यूल से तो नहीं था।