“राम नहीं रामा, रामायण नहीं रामायणा: रणबीर की फिल्म और भाषा पर सांस्कृतिक हमला”

6 Min Read

रणबीर कपूर अभिनीत आने वाली फिल्म को लेकर जो उत्साह है वह महज एक सिनेमाई प्रतीक्षा नहीं बल्कि एक बहुत गहरे सांस्कृतिक प्रश्न की तरफ भी ध्यान खींचता है। फिल्म का नाम आखिर है क्या। कभी Ramayana, कभी Ramayanam, और कुछ पोस्टरों में रामायणा। लेकिन मूल प्रश्न यह है कि जब हम इसे रामायण कहते आए हैं, जब यह कथा हमारी आत्मा में रची-बसी है तो अचानक यह विदेशी उच्चारण वाली ‘रामायणा’ क्यों बन गई

क्या यह मात्र सौंदर्य का सवाल है। क्या यह सिर्फ एक स्पेलिंग या ब्रांडिंग की तकनीकी बात है। नहीं, यह हमारी आत्मा, हमारी पहचान और हमारी भाषा की स्वतंत्रता पर हमला है। और यह हमला कोई बाहर से नहीं कर रहा, बल्कि हम स्वयं कर रहे हैं, अपनी फिल्मों, अपनी ब्रांडिंग, और अपने हीनभावना से

रणबीर की फिल्म और नाम की विडंबना

रणबीर कपूर की यह फिल्म भारत की सबसे पवित्रतम कथा पर आधारित है। रामायण कोई कल्पना नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यह कहानी हमारे गांवों में, हमारी माँ की लोरियों में, हमारे मंदिरों की आरती में और हमारी चेतना में बसती है। लेकिन अफ़सोस कि जब इस कथा को एक बड़ी फिल्म के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है तब उसका नामकरण भी पवित्रता नहीं बल्कि बाजार के हिसाब से तय किया जा रहा है

रामायणा कहकर फिल्म निर्माता न तो हिंदी में बात कर रहे हैं, न संस्कृत में और न ही तमिल में। यह नामकरण एक अजीब सी कोशिश है, एक ऐसा टाइटल गढ़ना जो इंटरनेशनल लगे, विदेशी दर्शकों को आकर्षित करे और साथ ही भारतीय प्रतीकों की ब्रांडिंग भी कर दे

लेकिन सवाल यह है कि क्या रामायण को किसी विदेशी उच्चारण के जरिये बेचा जाना चाहिए। क्या पवित्रता अब मार्केट वैल्यू के हिसाब से परिभाषित होगी

नाम बदलने की रणनीति ब्रांड या गुलामी

फिल्म के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं। क्या यह जानबूझकर किया गया है। क्या रामायणा कहना ज्यादा एस्थेटिक लगता है। क्या राम को Rama कहने से फिल्म ज्यादा ग्लोबल बनती है

अगर ऐसा है तो यह सिर्फ फिल्म नहीं बल्कि सोच की हार है। जिस दिन हमने राम को रामा और रामायण को रामायणा कहना शुरू कर दिया उसी दिन हमने स्वीकार कर लिया कि हमारे शब्द, हमारे उच्चारण, हमारी जुबान बाजार के हिसाब से घटिया हैं

यह वही मानसिकता है जो गंगा को गेंजेस बना देती है, काशी को Benaras और भारत को इंडिया। यह वही विचारधारा है जो हमें अपनी संस्कृति को पश्चिमी दृष्टिकोण से कूल बनाकर परोसने को मजबूर करती है

क्या यह सिर्फ नाम है

नहीं, यह सिर्फ नाम नहीं है। यह एक पूरी सभ्यता की परिभाषा है। जब रामायण का नाम रामायणा रखा जाता है तो यह एक संकेत है कि अब हमारी संस्कृति को हम अपनी जुबान से नहीं, विदेशी लहजे से पहचानेंगे। यह उच्चारण केवल ध्वनि नहीं बदलता, यह मानसिकता बदलता है

एक बच्चा जो राम को रामा कहेगा वह धीरे-धीरे यह मानने लगेगा कि उसकी माँ का उच्चारण गलत था, उसके दादा की आरती पिछड़ी हुई थी और स्कूल में पढ़ाया गया पाठ ही सही है। यह धीरे-धीरे आत्म-हीनता को जन्म देता है जहां हमें अपनी संस्कृति ही बेढंगी लगने लगती है

भाषा से जुड़ी आस्था और आस्था से जुड़ी पहचान

फिल्म रामायण कोई मार्वल यूनिवर्स नहीं है जिसे पॉप कल्चर में ढालकर ब्रांडिंग की जाए। यह एक जीवित परंपरा है। जब तक इसका नाम, इसकी भाषा, इसकी आत्मा हमारे शब्दों में सुरक्षित है तब तक यह परंपरा जीवित है। लेकिन यदि इसे Ramayana Saga बना दिया गया तो यह सिर्फ एक फ्रैंचाइज़ बनकर रह जाएगी

यह जरूरी है कि रणबीर कपूर जैसे अभिनेता जो लाखों लोगों के रोल मॉडल हैं और इस फिल्म के निर्देशक जैसे प्रभावशाली लोग इस बात को समझें कि वे किसी काल्पनिक कहानी को नहीं बल्कि भारत के सांस्कृतिक DNA को पर्दे पर ला रहे हैं। उनकी जिम्मेदारी सिर्फ सिनेमाई नहीं सांस्कृतिक भी है

निष्कर्ष

फिल्म का नाम रामायण ही होना चाहिए न रामायणा, न रामायणम्, न Ramayana। क्योंकि जब तक हम अपने शब्दों को अपनी जुबान से बोलते हैं तब तक हम स्वतंत्र हैं। लेकिन जिस दिन हमने अपने भगवानों को भी विदेशी उच्चारणों में पुकारना शुरू कर दिया उस दिन हमारी स्वतंत्रता केवल झंडे पर बचेगी आत्मा में नहीं

यह लड़ाई केवल फिल्म के नाम की नहीं है। यह लड़ाई है हमारी भाषा, हमारी अस्मिता और हमारी आस्था की। हमें तय करना है कि हम अपने बच्चों को राम कहने सिखाएँगे या रामा

राम राम ही रहेगा रामा नहीं
गंगा गंगा ही है गेंजेस नहीं
रामायण हमारी है इसलिए उसे उसी तरह पुकारना होगा जिस तरह हमारी आत्मा उसे जानती है

Taazi Post

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *