
Last Updated:June 08, 2025, 10:48 IST
Manish Kashyap News: फेमस यूट्यूबर और बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने फेसबुक लाइव के जरिए पार्टी से इस्तीफा दिया, जिससे एनडीए के लिए नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं.

मनीष कश्यप ने BJP से दिया इस्तीफा
हाइलाइट्स
- यूट्यूबर मनीष कश्यप ने बीजेपी से इस्तीफा दिया.
- मनीष कश्यप के इस्तीफे से एनडीए को नई चुनौती.
- मनीष कश्यप का 13 महीनों में बीजेपी से मोहभंग हुआ.
पटना. बिहार के चर्चित यूट्यूबर और बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने भाजपा छोड़ दी है.शनिवार रात को उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से इस्तीफा देने की घोषणा कर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मनीष कश्यप के इस्तीफे ने एनडीए के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. बता दें कि मनीष ने 25 अप्रैल 2024 को दिल्ली में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी, लेकिन केवल 13 महीनों में उनका बीजेपी से मोहभंग हो गया.
मनीष कश्यप ने अपने फेसबुक लाइव में भावुक अंदाज में कहा, मैंने तन, मन, धन से बीजेपी के लिए काम किया, लेकिन पार्टी ने मेरी इज्जत तक नहीं बचाई. अगर मैं खुद को नहीं बचा सका तो बिहार के लोगों की क्या मदद करूंगा? उन्होंने हाल ही में पटना के पीएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों द्वारा कथित मारपीट का जिक्र करते हुए बीजेपी पर उदासीनता का आरोप लगाया. मनीष ने दावा किया कि इस घटना में पार्टी ने उनका साथ नहीं दिया जिससे वे आहत हुए.
बीजेपी से इसलिए जुड़े थे मनीष कश्यप
बता दें कि मनीष कश्यप का बीजेपी से निकटता 2024 में तब शुरू हुई थी जब वे तमिलनाडु में फर्जी वीडियो मामले में 9 महीने जेल में रहने के बाद रिहा हुए. जेल से निकलने के बाद उनकी मां ने उन्हें बीजेपी में शामिल होने की सलाह दी थी और मनीष ने पश्चिम चंपारण से निर्दलीय चुनाव लड़ने की योजना छोड़कर भाजपा का दामन थामा. उन्होंने कहा था कि उनकी विचारधारा बीजेपी से मिलती है और वे पीएम मोदी के साथ बिहार को मजबूत करना चाहते हैं.
हाल की घटनाओं से बढ़ने लगी थी दूरी
हालांकि, मनीष कश्यप का बीजेपी के साथ सफर विवादों से भरा रहा. मार्च 2025 में उनके यूट्यूब चैनल ‘सच टॉक्स’ समेत 11 चैनलों पर सारण पुलिस ने भ्रामक खबरें फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी जिसके बाद उन्होंने इस्तीफे की घोषणा की थी. लेकिन, बाद में इसे वापस ले लिया। इस बार मनीष ने साफ कहा कि वे अब किसी नए मंच से बिहार के लोगों की आवाज उठाएंगे.
टीम पीके में शामिल होने की अटकलें
राजनीतिक के जानकारों का मानना है कि मनीष का इस्तीफा एनडीए के लिए नुकसानदेह हो सकता है. खासकर युवा और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच उनकी लोकप्रियता है. दूसरी ओर कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि मनीष जन सुराज पार्टी से जुड़ सकते हैं जिससे बिहार की सियासत में नया मोड़ आ सकता है. देखना दिलचस्प रहेगा कि मनीष कश्यप का अगला कदम क्या होगा.
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट… और पढ़ें
मनीष कश्यप ने बीजेपी छोड़ते हुए हाथ जोड़ लिये और कहा-हमसे गलती हो गई
