पटना/मधुबनी | विशेष रिपोर्ट
बिहार में चुनावी माहौल गरम है और इसी बीच भाजपा नेताओं की मैथिली ठाकुर से हुई मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
पर जो मुलाकात पार्टी के लिए एक सांस्कृतिक सहारा बन सकती थी, अब वही बोझ साबित होती दिख रही है क्योंकि मिथिला की जनता अब खुलकर मैथिली ठाकुर और उनके पिता के खिलाफ खड़ी हो गई है।
“कृतघ्नता की मिसाल” MSU संस्थापक अनूप मैथिल का हमला
मिथिला स्टूडेंट्स यूनियन (MSU) के संस्थापक अध्यक्ष अनूप मैथिल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालते हुए तीखा प्रहार किया।
उन्होंने लिखा कि “जिन लोगों ने मैथिली ठाकुर को पहचान दिलाई, मंच दिया, वही आज उनके लिए महत्वहीन हो गए हैं।”
अनूप मैथिल ने आगे कहा कि उनके पिता ने मिथिला समाज के सहयोग को न केवल भुला दिया, बल्कि अहसान फरामोशी की पराकाष्ठा दिखा दी है।
“दिल्ली में समर्थन मांगा, अब मुंह मोड़ा” राघवेंद्र रमन

MSU के पूर्व जिला अध्यक्ष राघवेंद्र रमन ने Rising Star कार्यक्रम का हवाला देते हुए कहा कि
“जब वोट की ज़रूरत थी तब दिल्ली जाकर MSU से समर्थन मांगा गया। पूरा मिथिला खड़ा रहा, सोशल मीडिया पर रात-दिन प्रचार हुआ। लेकिन जीतने के बाद न धन्यवाद, न पहचान बस दूरी और घमंड।”
उनका कहना है कि मैथिली ठाकुर की सफलता में मिथिला और उसके युवाओं की मेहनत थी, पर आज वही युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
‘मधुबनी कार्यालय के लिए कार’ बना विवाद की जड़
Rising Star जीतने के बाद जब मैथिली ठाकुर पटना लौटीं, तो MSU ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया था।
लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद, उनके परिवार की ओर से मधुबनी स्थित MSU कार्यालय आने के लिए एक कार की मांग की गई, जिसे एक स्थानीय चैनल को इंटरव्यू देने के बदले पूरा किया गया।
उसी कार से मैथिली ठाकुर मधुबनी पहुंचीं, पर अब यह घटना विवाद का केंद्र बन चुकी है।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिस संगठन ने हर संभव सहयोग किया, उसी से ऐसी स्वार्थपूर्ण अपेक्षा क्यों रखी गई?
सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने लिखा कि “MSU ने उन्हें सम्मान दिया, मंच दिया बदले में मिला बस अहंकार।”
सौराठ सभा विवाद फिर चर्चा में
यह पहला मौका नहीं है जब मैथिली ठाकुर के पिता विवादों में घिरे हों।
पहले भी सौराठ सभा के दौरान उन्होंने एक ऐसा बयान दिया था जिसमें “लड़कों को बिकने वाला” कहा गया था जिसके बाद मिथिला भर में विरोध भड़क उठा था।
उस समय भी लोगों ने उनके व्यवहार को “मिथिला संस्कृति के अपमान” के रूप में देखा था।
अब वही पुराना गुस्सा चुनावी मौसम में फिर उभर आया है।
“मिथिला नहीं, पूरे भारत की जीत” बयान ने भड़काया असंतोष
Rising Star जीतने के बाद मैथिली ठाकुर ने अपने वीडियो संदेश में कहा था
“यह जीत पूरे भारत की है, केवल मिथिला की नहीं।”
यह बयान भले ही राष्ट्रभक्ति दिखाने का प्रयास रहा हो, लेकिन मिथिला के हजारों समर्थकों को यह अपमानजनक लगा।
लोगों का कहना है कि जब जरूरत थी तब “मिथिला” का नाम लेकर समर्थन मांगा गया, और जीत के बाद उसी क्षेत्र का नाम लेने से परहेज़ किया गया।
भाजपा के लिए उल्टा पड़ा दांव
भाजपा नेताओं ने हाल ही में मैथिली ठाकुर और उनके पिता से मुलाकात कर मिथिला में “सांस्कृतिक जुड़ाव” का संदेश देने की कोशिश की थी।
पर अब यही कदम पार्टी के लिए सांस्कृतिक संकट बन गया है।
मिथिला के स्थानीय संगठन, छात्र, और सांस्कृतिक कार्यकर्ता लगातार सोशल मीडिया पर विरोध जता रहे हैं।
लोगों का कहना है कि “मिथिला की मिट्टी किसी की निजी प्रसिद्धि की नहीं, समाज की विरासत है।”
जनता का संदेश साफ़ है
मधुबनी से लेकर दरभंगा तक, स्थानीय युवाओं में एक ही बात गूंज रही है
“जिन्होंने तुम्हें ऊंचाई दी, उन्हें ही नीचा दिखाने की कोशिश मत करो।”
मिथिला के लोगों ने मैथिली ठाकुर को अपनी बेटी माना, लेकिन अब वही बेटी अपने समाज से कटती दिख रही है।
यह विरोध सिर्फ किसी कलाकार का नहीं, बल्कि मिथिला की अस्मिता और स्वाभिमान की पुकार बन चुका है।